CG Film : कैसे तरक्की करेगा छत्तीसगढ़ी सिनेमा? पढ़िए फिल्म विकास निगम की नवनियुक्त अध्यक्ष मोना सेन का Exclusive इंटरव्यू

HomePolitics

CG Film : कैसे तरक्की करेगा छत्तीसगढ़ी सिनेमा? पढ़िए फिल्म विकास निगम की नवनियुक्त अध्यक्ष मोना सेन का Exclusive इंटरव्यू

रायपुर। छत्तीसगढ़ी फिल्म विकास निगम की नवनियुक्त अध्यक्ष (राज्यमंत्री दर्जा) मोना सेन ने कहा है कि छत्तीसगढ़ में सिनेमा उद्योग के उत्तरोत्तर प्रगति की असीम संभावनाएं हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार विभिन्न क्षेत्रों की प्रगति पर तेजी से कार्य कर रही है। ऐसे अनुकूल वातावरण में प्रदेश का सिनेमा खूब तरक्की करेगा और इसके लिए फिल्म विकास निगम के द्वारा हरसंभव प्रयास किया जायेगा।

अध्यक्ष (राज्यमंत्री दर्जा) के रूप में नियुक्ति के बाद पहली बार VDO TAB से चर्चा में सुश्री मोना सेन ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्रदेश कला और संस्कृति के सन्दर्भ में रचनात्मक और समृद्ध धरती है। सृजन से लेकर संवर्धन तक यहाँ हर प्रकार की प्रतिभाएं मौजूद हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव के नेतृत्व में फिल्म विकास निगम ऐसी प्रतिभाओं के परिष्कार और प्रगति के लिए सतत रूप से कार्य करेगा।

छत्तीसगढ़ में सिनेमा के उत्थान के लिए क्या कार्ययोजना होगी? इस सवाल पर सुश्री सेन कहती हैं कि सिनेमा में निवेश बढ़ाने के लिए कॉर्पोरेट फ्रेंडली उपायों पर गंभीरता से कार्य किया जायेगा, ताकि छत्तीसगढ़ के फिल्म निर्माता आर्थिक दबावों से मुक्त होकर अपनी रचनात्मकता पर अधिक केंद्रित हो सकें और अच्छी फिल्में बना सकें। साथ ही, छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रो के दर्शकों तक फिल्में सही समय पर पहुँच सकें, इसके लिए टाकिजों के निर्माण के सम्बन्ध में प्रयास किये जायेंगे। उन्होंने कहा कि लोक मंच और थिएटर की सिनेमायी प्रतिभा को फिल्मों में स्थान मिल सके और फिल्मों के जरिये लोक-संस्कृति और रंगमंचीय संस्कृति को सहयोगात्मक प्रोत्साहन मिले, इसके लिए भी समुचित प्रयास किये जायेंगे। छत्तीसगढ़ की कला और संस्कृति से जुड़े मूर्धन्य जनों के विचारों और सुझावों के अनुसार फिल्म विकास निगम अपने दायित्वों का निर्वहन करेगा। छत्तीसगढ़ी सिनेमा से जुड़े स्पॉट बॉय से लेकर प्रोड्यूसर तक हर पंक्ति का व्यक्ति सहजता, कुशलता और सम्मानित ढंग से कार्य कर सके, इसके लिए फिल्म विकास निगम अपने स्तर पर हरसम्भव प्रयास करेगा।

सुश्री सेन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार यशस्वी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के कुशल नेतृत्व में जिस प्रकार से कार्य कर रही है कि आगे चलकर फिल्म विकास निगम एक ऐसे सेतु के रूप में कार्य करेगा, जिसके माध्यम से छत्तीसगढ़ी फिल्में न केवल राष्ट्रीय पटल पर, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी छत्तीसगढ़ का परचम लहराएंगी।

COMMENTS

WORDPRESS: 0
DISQUS: