रायपुर। छत्तीसगढ़ी सिनेमा के क्षितिज पर एक नया सूरज उगने को तैयार है। 5 सितंबर को रिलीज होने वाली भव्य धार्मिक फिल्म “जै सीतला मईया” न केवल आध्यात्मिकता का अनुपम संगम प्रस्तुत करेगी, बल्कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराओं को भी बड़े फलक पर ले जाएगी। यह फिल्म छत्तीसगढ़ी सिनेमा में पहली बार शीतला माता के पावन चरित्र को बड़े पर्दे पर जीवंत करने जा रही है, जो अपने आप में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।
निर्देशक डॉ. पुनीत सोनकर के कुशल निर्देशन में बनी इस फिल्म के निर्माता लिलेश्वर सिन्हा और सह-निर्मात्री मीनाक्षी पाण्डेय हैं। लिलेश्वर सिन्हा ने न केवल फिल्म का निर्माण किया, बल्कि लेखक, अभिनेता, गीतकार, संगीतकार और गायक के रूप में अपनी बहुआयामी प्रतिभा का परिचय दिया है। इस फिल्म में वे नायक की भी भूमिका में नजर आएंगे, जबकि अभिनेत्री सोनाली सहारे नायिका के रूप में दर्शकों का दिल जीतने को तैयार हैं। शीतला माता की दिव्य भूमिका में स्वीटी साहू अपनी आध्यात्मिक उपस्थिति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगी।

अपने इस ड्रीम प्रोजेक्ट को लेकर बेहद उत्साहित निर्माता और नायक लिलेश्वर सिन्हा ने बताया, “शीतला माता पर न तो बॉलीवुड में और न ही किसी अंतरराष्ट्रीय फिल्म इंडस्ट्री में अब तक कोई फिल्म बनी है। इस अनछुई कहानी को पर्दे पर लाना मेरे लिए गर्व और सम्मान का विषय है। यह फिल्म छत्तीसगढ़ की संस्कृति और आस्था का उत्सव है।”
फिल्म के गीत और संवाद छत्तीसगढ़ के “करमा सम्राट” घनश्याम ठाकुर ने लिखे हैं, जिन्हें पांच बार राष्ट्रपति पुरस्कार से नवाजा जा चुका है। संगीत की कमान लिलेश्वर सिन्हा ने संभाली है, जिसे वरिष्ठ संगीतकार सूरज महानंद ने संयोजित किया है। गीतों को दुकालू यादव, दिलीप षड़ंगी, छाया चंद्राकर, अलका चंद्राकर, अनुराग शर्मा और चंपा निषाद जैसे सुप्रसिद्ध गायकों ने अपनी मधुर आवाज से सजाया है।
फिल्म की सिनेमेटोग्राफी लक्ष्मण यादव ने की है। मेकअप की जिम्मेदारी उड़ीसा के वरिष्ठ मेकअप आर्टिस्ट समरेस दादा ने संभाली है, जबकि फाइट सीन को बीरबल पाणिग्रही और नीलकंठ साहू (अंतरराष्ट्रीय कराटे विजेता) ने दमदार अंदाज में कोरियोग्राफ किया है। नृत्य निर्देशन दिलीप बैस और गजेंद्र कुंभलकर ने किया है।
फिल्म में शैलेश साव नारद मुनि की आकर्षक भूमिका में दर्शकों को मनोरंजन के साथ-साथ गहरे संदेश देंगे। खलनायक के रूप में जानू साहू का दमदार अभिनय दर्शकों को रोमांचित करेगा। अनुराधा दुबे और संजय मैथिल माता-पिता की भूमिका में भावनात्मक गहराई लाएंगे, जबकि प्रदीप शर्मा, घनश्याम वर्मा, कुशाग्र सोलंकी ‘जस्टिन’ और तेजराम साहू हास्य का तड़का लगाएंगे। “कचरा बोदरा” फेम उर्वशी साहू तुनकमिजाज काकी के रूप में अलग छाप छोड़ेंगी। बाल कलाकार नायरा रंगारी (पीहू) और साइनी पांडा अपनी मासूमियत से दर्शकों का दिल जीतेंगी। संध्या मानिक, जागेश्वरी मेश्राम, परमेश्वर साहू, राजू नायक, सुलेख नाविक, हरीश साहू, लुपेश पटेल और धनंजय सिन्हा जैसे कलाकार फिल्म को और भी रंगीन बनाते हैं।
फिल्म की शूटिंग छत्तीसगढ़ के ग्राम पंचायत चेरिया बंजारी, नवागांव खपरी और आसपास की प्राकृतिक लोकेशंस में हुई है, जहां स्थानीय जनता, सरपंच, पुलिस प्रशासन और राज्य शासन का भरपूर सहयोग मिला। यह फिल्म 5 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।

www.vdotab.com is an online News Platform.
COMMENTS