रायपुर. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के राजधानी विहार कॉलोनी, सड्डू में ग्राम विकास गतिविधि के कृषि आयाम, पर्यावरण मित्र अवंती विहार छत्तीसगढ़ एवं गायत्री प्रज्ञा पीठ तेलीबांधा रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में “घर-घर ऑक्सीजन – हर घर में हरियाली” अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर आयोजित विचार गोष्ठी में विषय विशेषज्ञों ने पर्यावरण संरक्षण, जैविक खेती और स्वस्थ जीवनशैली पर अपने विचार साझा किए।
मुख्य वक्ता आचार्य देवेंद्र वर्मा (प्रांत प्रमुख, ग्राम विकास गतिविधि) ने भारत की गौ और प्रकृति आधारित गौरवशाली कृषि एवं जैविक जीवनशैली पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह अभियान एक अद्भुत पहल है। उन्होंने जैविक खेती, छत की खेती और ऑक्सीजन से भरपूर वातावरण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक डॉ. के. के. साहू ने स्वस्थ एवं हरित भविष्य के लिए प्रकृति की ओर लौटने की सलाह दी। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण में कार्य करने और आस-पास के लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया।
श्रीमती पुष्पा साहू (हरियाली दीदी) ने छत की खेती के अपने अनुभव साझा करते हुए सभी से घर की छत पर गमलों में सब्जी एवं फलदार पौधे लगाने का आह्वान किया। श्री अशोक साहू ने अरुणिका आम का पौधा लगाकर छत की खेती की शुरुआत की। उपस्थित लोगों ने अपनी मां के नाम पर एक फलदार पेड़ लगाने, इसे घर के आंगन, बालकनी या छत में रोपने तथा फलों की खेती जैविक पद्धति से करने का संकल्प लिया। सभी ने प्रसन्नता जताई कि छत्तीसगढ़ में पहला एप्पल फल रायपुर की हरियाली दीदी ने अवंती विहार स्थित अपने घर की छत पर उगाया था। वर्ष 2013 से श्रीमती पुष्पा साहू अपनी छत पर 14-15 प्रकार के फलदार पौधे, सब्जियां, औषधीय एवं मसाले वाले पौधे जैविक तरीके से उगा रही हैं।
वैद्यराज सरदार हरविंदर सिंह ने दैनिक जीवन में योग एवं आयुर्वेद के महत्व पर चर्चा की तथा आहार और जीवनशैली में परिवर्तन से निरोग रहने की बात कही।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे वेदराम वर्मा (संघचालक, आरएसएस मोवा नगर) ने अभियान की सराहना की और सभी नागरिकों से बढ़-चढ़कर भागीदारी का आग्रह किया। संयोजक करुणानिधि यादव (प्रांत प्रमुख, कृषि आयाम) ने बताया कि यह अभियान जैविक जीवनशैली को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह न केवल पर्यावरण संरक्षण की पहल है, बल्कि सामाजिक जागरूकता और स्वस्थ जीवनशैली को भी प्रोत्साहित करता है।
कार्यक्रम का संचालन करुणानिधि यादव ने किया, जबकि अतिथियों का स्वागत समाजसेवी अशोक साहू एवं आभार प्रदर्शन कन्हैयालाल खरगवंशी ने किया। इस अवसर पर ग्राम विकास की प्रांत टोली के सदस्य जिम्मी चतुर्वेदी, विभाग प्रमुख विष्णु वर्मा, संतराम चतुर्वेदी, राजेश लोइया, तोशन साहू सहित राजधानी विहार के पर्यावरण प्रेमी नागरिक उपस्थित रहे।

www.vdotab.com is an online News Platform.

COMMENTS